• NTV MEDIA DESK
• BURO REPORT
आपको बता दे कि ट्विटर ने अपने ब्रांड लोगो से ब्लू चिड़िया को हटा दिया है, जबकि किसी भी ब्रांड का लोगो उसकी असल पहचान होता है. वहीं, अगर सेम फीचर के साथ आपको एप्पल का प्रोडक्ट दिया जाए लेकिन उस पर कटे सेब की जगह आधे संतरे का लोगो लगा हो तो आप निश्चित रूप से उस प्रोडक्ट के लिए बड़ी रकम नहीं चुकाएंगे. ये होती है किसी भी लोगो की ताकत. सामान ही नहीं बल्कि हम मोबाइल एप से लेकर सॉफ्टवेयर तक की पहचान भी इनके लोगो से ही कर पाते हैं.
उड़ गई ट्विटर की नीली चिड़िया
जैसे कि, मोबाइल में आप जहां नीली चिड़िया वाला लोगो देखते हैं तो समझ जाते हैं कि ये ट्विटर का एप है. मगर अब आपको ट्विटर का एप खोजने में परेशानी हो सकती है क्योंकि जल्द ही आपको ट्विटर की नीली चिड़िया की जगह एक डॉगी का लोगो दिखेगा. जी हां, ट्विटर की नीली चिड़िया को उड़ा कर उसकी जगह एक कुत्ते को दे दी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा ट्विटर पर दिख रहे नए लोगो और एलन मस्क द्वारा किये गए एक ट्वीट के बाद से किया जा रहा है.
सोमवार रात को बहुत से यूजर्स ने ये दावा किया कि उन्हें ट्विटर पर नीली चिड़िया के बजाय एक कुत्ते का लोगो दिख रहा है. इसके बाद से तो देखते ही देखते ट्विटर पर यूजर्स के ट्वीट्स की बाढ़ आ गई और #DOGE टॉप ट्रेंड करने लगा. इस दौरान यूजर्स एक दूसरे से ये सवाल करते दिखे कि क्या सभी को ट्विटर के लोगो पर कुत्ता दिख रहा है. काफी समय तक लोगो वही बना रहा, जिस वजह से यूजर्स इस दुविधा में फंसे रहे कि ट्विटर हैक हुआ है या फिर मस्क ने सच में ट्विटर का लोगो बदल दिया है?
इसके बाद यूजर्स को लोगो बदले जाने का यकीन तब आया जब देर रात एलन मस्क ने एक ट्वीट किया. अब ये साफ हो चुका था कि इसके पीछे एलोन मस्क का ही हाथ है. ट्विटर के मालिक एलोन मस्क ने अपने ट्वीट में एक फोटो शेयर की, जिसमें एक कुत्ता कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा हुआ था. और ट्रैफिक पुलिस वाले के हाथ में लाइसेंस था, जिस पर नीली चिड़िया की फोटो थी. कुत्ता इस तस्वीर में कहता दिख रहा है कि यह उसकी पुरानी फोटो है. मस्क की इस पोस्ट से लगता है कि उन्होंने ट्विटर का लोगो बदल दिया है.
ट्विटर का लोगो बदले जाने का असर क्रिप्टो करेंसी पर भी दिखा है. ट्विटर द्वारा जब वेबसाइट और मोबाइल ब्राउजर पर लोगो बदला, उसके महज आधे घंटे बाद लोकप्रिय क्रिप्टो डॉगकॉइन (Dogecoin) की कीमत 20 फीसदी बढ़ गई. डॉगकॉइन को मीम कॉइन (Meme Coin) भी कहा जाता है. एलन मस्क लंबे समय से डॉगकॉइन को प्रमोट करते रहे हैं. उनके ट्वीट्स ने इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत को काफी प्रभावित किया है.







नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।