महिला से बदजुबानी करने वाला श्रीकांत त्यागी मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ की टीम ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ में उसके करीबी से घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्रनर ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
![]() |
| श्रीकांत त्यागी |
नोएडा डेस्क
नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने मेरठ से श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार किया है। उसके साथ दो से तीन और साथियों के गिरफ्तार होने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भंगेल से खुद गाड़ी चलाकर मेरठ गया था। वह अपने करीबी के घर में छिपा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। थोड़ी देर में पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। पुलिस कमिश्रनर आलोक पांडेय ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ से नोएडा लाया जा रहा है।
यह था पूरा मामला
आपको बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।