पलवल में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 10 एकड़ में विकसित हो रही 4 कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई।
न्यूज डेस्क/ पलवल।
जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) पलवल द्वारा जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से पलवल क्षेत्र में विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर व्यापक तोड़फोड़ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही चार अवैध कॉलोनियों में किए गए निर्माणों को ध्वस्त किया गया। विभागीय टीम ने चार निर्माणाधीन दुकानों, करीब 80 डीपीसी, 10 से 15 बाउंड्री वॉल, कॉलोनी में बनाए गए सड़क नेटवर्क तथा लगाए गए बिजली के खंभों को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया।
यह कार्रवाई हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम-1975 के तहत की गई। अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट, जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारी, फील्ड स्टाफ और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
जिला नगर योजनाकार पलवल अनिल मलिक ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्ती से अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के मंसूबों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग पहले ही अवैध कॉलोनियों में चेतावनी बोर्ड लगा चुका है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति अवैध कॉलोनी विकसित करता है या उसमें निर्माण करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अनिल मलिक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे भू-माफियाओं के बहकावे में आकर किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं और कानून के तहत ऐसे निर्माण किसी भी समय हटाए जा सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी भूखंड की खरीद या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से उसकी वैधता और आवश्यक अनुमतियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।