होडल चोरी मामले में CIA पलवल ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड के दौरान 7500 रुपये बरामद किए, आरोपी जेल भेजा गया।
पलवल, 24 जुलाई 2026। होडल क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी के मामले में सीआईए स्टाफ पलवल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 7500 रुपये बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के अनुसार, शिकायतकर्ता अंशु निवासी कृष्णा कॉलोनी, होडल ने थाना होडल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जून से 14 जून 2026 के बीच वह अपने मायके गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 1.75 लाख रुपये नकद, जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए थे।
मामले में पुलिस पहले ही एक किशोर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच के दौरान चोरी में शामिल आरोपी लक्ष्मण उर्फ ललतू निवासी देव नगर, हाल निवासी भगतजी कॉलोनी, पलवल की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे 23 जुलाई को गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की रकम में से बचे हुए 7500 रुपये बरामद किए गए। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और चोरी की वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।