नशा मुक्त भारत के लिए युवाओं ने लिया संकल्प, एसवीएसयू में जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री गौरव गौतम

0

एसवीएसयू पलवल में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026 कार्यक्रम आयोजित, मंत्री गौरव गौतम ने युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ।


न्यूज डेस्क/ पलवल।

गांव दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में सोमवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल, युवा अधिकारिता एवं कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से राष्ट्रव्यापी अभियान के शुभारंभ का लाइव प्रसारण वर्चुअल माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में एसवीएसयू के कुलगुरु डॉ. दिनेश कुमार, उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


युवाओं को जन आंदोलन का नेतृत्व करने का आह्वान

मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “नशा मुक्त भारत” और “विकसित भारत-2047” के लक्ष्य को साकार करने के लिए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के खिलाफ जन आंदोलन का नेतृत्व करना होगा और समाज में जागरूकता फैलानी होगी।



उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई साथी नशे की लत से ग्रस्त है तो उसे भी इस दलदल से बाहर निकालने का प्रयास करें ताकि वह समाज की मुख्यधारा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।


अगले 100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

राज्य मंत्री ने बताया कि आने वाले 100 सप्ताहों तक प्रत्येक रविवार को देशभर में युवाओं के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना और युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना है।



उन्होंने कहा कि इस अभियान में एमवाई भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, औद्योगिक संघ और सामाजिक संस्थाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी।


उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान

गौरव गौतम ने बताया कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले के युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।


उन्होंने कहा कि यदि देश का युवा नशे से दूर रहेगा तो परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों मजबूत होंगे। नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

Post a Comment (0)
To Top