चांदहट फायरिंग केस में पलवल पुलिस ने दूसरे आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मुख्य आरोपी से पहले ही पिस्टल व कार बरामद।
![]() |
न्यूज डेस्क/ पलवल।
पलवल पुलिस ने जिले में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने गांव चांदहट में रंजिश के चलते हुई फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भिजवा दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरबाड़ी निवासी योगेश के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल के दिशा-निर्देशों पर जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ पलवल ने मामले की गहन जांच करते हुए दूसरे आरोपी तक पहुंच बनाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को चांदहट निवासी लाले उर्फ अजित ने थाना चांदहट में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय विपिन उर्फ रसगुल्ला अपने एक साथी के साथ कार में सवार होकर उसके घर पहुंचा। आरोपियों ने गाली-गलौज करने के बाद जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी। शिकायतकर्ता ने किसी तरह गेट के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना चांदहट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विपिन उर्फ रसगुल्ला को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और एक अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की थी।
जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईए स्टाफ पलवल की टीम ने दूसरे आरोपी योगेश को भी गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।