एसवीएसयू में शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों का सम्मान किया। कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार ने कौशल आधारित शिक्षा पर जोर दिया।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, एसवीएसयू के संस्थापक कुलगुरु डॉ. राज नेहरू को भी विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देकर उनका सानिध्य प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए रचनात्मक उपहार भेंट किए और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंधों की गरिमा को दर्शाया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि सच्चे शिक्षक विद्यार्थियों में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र सोचने, नवाचार करने और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने योग्य बनाना प्रत्येक शिक्षक का लक्ष्य होना चाहिए।
कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
प्रबंधन संकाय में डीन प्रोफेसर ज्योति राणा की अध्यक्षता में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आदर्श शिक्षक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. श्रुति गुप्ता, डॉ. सविता शर्मा, डॉ. पिंकी, डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. ऋतु मुद्गिल, डॉ. बिजेंद्र, अनुराधा, सपना, रीतू शर्मा और निशा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षक दिवस के आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।






नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।