लालदास मंदिर से दानपात्र चोरी करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल...
पलवल पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हथीन स्थित लालदास मंदिर में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
शहर चौकी हथीन प्रभारी एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि 4 अगस्त को हथीन के वार्ड नंबर-10 स्थित लालदास मंदिर से अज्ञात चोर दानपात्र चोरी कर ले गए थे। मंदिर के महंत सुरेश साध जब शाम को मंदिर पहुंचे तो दानपात्र गायब मिला। जांच के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल पर दानपात्र ले जाते हुए दिखाई दिए।
महंत के अनुसार दानपात्र में लगभग 50 से 60 हजार रुपये की नकदी मौजूद थी। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र धर्मवीर निवासी घाघोट हाल निवासी मर्रोली तथा अर्जुन पुत्र सुमेर उर्फ गूंगा निवासी मर्रोली के रूप में हुई।
दोनों आरोपियों को अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, दानपात्र का टूटा हुआ ताला तथा ताला तोड़ने में प्रयुक्त ईंट बरामद की। रिमांड पूरा होने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।