SVSU में कौशलोदय 2026 का आयोजन, प्रो. दिनेश कुमार बोले- हर विद्यार्थी में विकसित करेंगे नेतृत्व क्षमता

0

एसवीएसयू में प्रबंधन संकाय का ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘कौशलोदय’ आयोजित, भावी प्रबंधकों में भरा जोश...


श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में स्किल फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ एंड रिसर्च द्वारा आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘कौशलोदय’ के माध्यम से नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास और वैश्विक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संकाय की डीन प्रोफेसर ज्योति राणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।


अपने संबोधन में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि नेतृत्व क्षमता के बिना प्रबंधन अधूरा है और विश्वविद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी में नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वास्थ्य, खेल गतिविधियों और वैश्विक करियर की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कम से कम एक विदेशी भाषा सीखने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में स्टडीनेक्स के सह-संस्थापक डॉ. प्रणव खरबंदा ने कहा कि डिग्री अवसरों का द्वार खोलती है, लेकिन सफलता केवल कौशल और व्यवहारिक दक्षता से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यवहार, व्यापार और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।



वहीं, बीवाईएलडी ग्रुप के चेयरमैन योगेश सूद ने प्रभावी संचार, नेटवर्किंग और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को SMART Goal की अवधारणा समझाते हुए समयबद्ध लक्ष्यों के साथ करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।


डीन प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए आज से एक नई और महत्वाकांक्षी यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासा और रचनात्मकता को क्षमता में बदलकर सफलता की नई इबारत लिखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विश्वविद्यालय में उपलब्ध विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सविता शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन शोधार्थी पूजा तंवर ने किया।

इस अवसर पर टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी विभाग की चेयरपर्सन डॉ. सविता शर्मा, बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग के चेयरपर्सन डॉ. समर्थ सिंह, मैनेजमेंट स्टडीज़ विभाग की चेयरपर्सन डॉ. श्रुति गुप्ता, डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. पारुल भाटिया, डॉ. दलीप रैना, डॉ. हिमांशु मलिक, डॉ. विवेक बाल्यान, डॉ. सुनील, डॉ. ऋतु मौदगिल, डॉ. कोमल, शीतल नागर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top