• NTV MEDIA DESK
• BURO REPORT
मुकेश अंबानी देश ही नहीं बल्कि दुनिया के टॉप बिजनसमैन के तौर पर जाने जाते हैं. वह भारत की ऐसी शख्सियत हैं जिनकी संपत्ति के उतार-चढ़ाव पर दुनिया की नजरें टिकी रहती हैं. फिलहाल मुकेश अंबानी अपनी सिक्योरिटी को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार अब मुकेश अंबानी और उनके परिवार को भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर में जेड प्लस सिक्योरिटी कवर मिलेगा.
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि अंबानी परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी देश के सुरक्षा मंत्रालय की है. कोर्ट ने ये भी निर्देश दिए कि व्यवसायी मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को पूरे भारत और विदेशों में उच्चतम स्तर की Z+ सुरक्षा कवर प्रदान की जाए. इसके साथ ही अदालत ने कहा कि भारत या विदेश के भीतर उच्चतम स्तर की Z+ सुरक्षा कवर प्रदान करने की पूरी लागत मुकेश अंबानी की तरफ से वहन की जाएगी.
यह निर्देश जस्टिस कृष्ण मुरारी और जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की पीठ ने दिए हैं. कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जब मुकेश अंबानी और उनका परिवार भारत के भीतर रहेगा तो महाराष्ट्र राज्य और गृह मंत्रालय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.
इससे पहले पिछले साल सितंबर में केंद्रीय खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अंबानी पर खतरे की समीक्षा की गई थी, जिसके बाद अंबानी के सुरक्षा कवर को बढ़ाकर ‘जेड प्लस’ कर दिया था. यह टॉप कैटेगरी की सुरक्षा है. अंबानी को पहली बार 2013 में भुगतान आधार पर सीआरपीएफ कमांडो का जेड श्रेणी का सुरक्षा कवर दिया गया था.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को 'वाई प्लस' श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें कमांडो की संख्या कम होती है. ब्लूमबर्ग इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार अंबानी दुनिया के 10वें सबसे धनी व्यक्ति हैं.
सुप्रीम कोर्ट द्वारा अंबानी को Z+ सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश तब आए हैं जब इससे कुछ ही देर पहले किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली. दरअसल, महाराष्ट्र के नागपुर पुलिस कंट्रोल में एक अनजान शख्स ने फोन कॉल कर कहा कि वह मुंबई के नामी लोगों के घर पर बम धमाका करने वाला है.
शख्स ने इस धमकी में मशहूर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी सहित फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र का नाम लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस पुलिसकर्मी ने ये अज्ञात कॉल उठाया उसने दो युवा युवाओं को चर्चा करते सुना कि 25 लोग आतंकी हमलों को अंजाम देने मुंबई पहुंच चुके हैं.




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।