Presidential Election Results Live: 15वें महामहिम के लिए मतगणना शुरू, मुर्मू के गांव में 20 हजार लड्डू तैयार

0

खास बातें

India President Election Result 2022 News Live: देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। नतीजे शाम तक आने की संभावना है। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में हो रही है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है।

द्रौपदी मुर्मू के गांव में लड्डू बनता हुआ - फोटो : ANI


लाइव अपडेट

(10:55 AM, 21-JUL-2022)

राष्ट्रपति को चुनने के लिए वोटों की गिनती शुरू 

देश में 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। मुर्मू के गांव में बांटने के लिए 20 हजार लड्डू तैयार तैयार किए गए हैं।


(09:52 AM, 21-JUL-2022)

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी 

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। अगर मुर्मू जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जाएंगी। रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं।




(09:22 AM, 21-JUL-2022)

यूपी के विधायकों का मत मूल्य सबसे अधिक

उत्तर प्रदेश के एक विधायक के वोट का मूल्य सबसे अधिक 208 है। इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों के मत का मूल्य 176 है, तो महाराष्ट्र के विधायकों के वोट का मूल्य 175 है। सिक्किम के एक विधायक के वोट का मूल्य केवल सात है जो पूरे देश में सबसे कम है। मालूम हो कि देश की पहली महिला राष्ट्रपति होने का गौरव प्रतिभा पाटिल को हासिल है जो 2007 में शीर्ष संवैधानिक पद के लिए चुनी गईं थीं।


(09:18 AM, 21-JUL-2022)

 द्रौपदी मुर्मू को 27 दलों का था समर्थन

27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।


(09:06 AM, 21-JUL-2022)

इस तरह से होगी मतगणना

सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली जाएंगी।


(08:15 AM, 21-JUL-2022)

99.18 फीसदी वोट पड़े थे संसद में

देश के 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए सोमवार को मतदान हुआ था और संसद भवन में 99.18 प्रतिशत मत पड़े थे। देश के दस राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की भी खबरें थीं।


(07:57 AM, 21-JUL-2022)

शाम तक आएगा नतीजा

राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को इन चुनावों के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। वह मतगणना की निगरानी करेंगे। परिणाम शाम तक आने की उम्मीद है।


(07:42 AM, 21-JUL-2022)

पहले सांसदों के मत गिने जाएंगे

सबसे पहले सांसदों के मतों की गिनती होगी और निर्वाचन अधिकारी मोदी इसके रुझान की जानकारी देंगे। इसके बाद वर्णमाला के अनुसार दस-दस राज्यों के विधायकों के मत गिने जाएंगे और 20 राज्यों के वोट गिने जाने के बाद मोदी फिर रुझान की जानकारी सार्वजनिक करेंगे। अंत में परिणाम बताया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top