पलवल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: 23.75 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी

0

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त...


हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत पलवल पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल दीघोट की टीम ने थाना बहीन क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23.75 ग्राम हेरोईन (स्मैक) बरामद की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।


पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल आईपीएस के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उप निरीक्षक हरीश खान ने बताया कि 29 अगस्त 2026 को एएसआई वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ नांगल जाट क्षेत्र में गश्त और अपराध जांच में लगे हुए थे।


इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि साकिब और सोहिल, निवासी नंगला अहसानपुर, थाना मुंडकटी, हेरोईन बेचने का अवैध कारोबार करते हैं और उस दिन भी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर सेवली कट नाका, बहीन क्षेत्र में नशा बेचने के लिए पहुंचे हुए हैं।


सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान साकिब और सोहिल के रूप में हुई।


डीएसपी की मौजूदगी में हुई तलाशी

पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उप पुलिस अधीक्षक हथीन रतनदीप सिंह बाली की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी साकिब के पास से 13.38 ग्राम तथा आरोपी सोहिल के पास से 10.37 ग्राम हेरोईन बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस ने 23.75 ग्राम स्मैक जब्त की।


पुलिस ने मौके से नशा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बहीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।


तस्करी के पूरे नेटवर्क की होगी जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद हेरोईन कहां से लाई गई थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top