पलवल की राजनीति में गर्माया माहौल, बड़ौली में उत्कर्ष चौधरी के स्वागत समारोह ने खींचा ध्यान

0

पलवल के बड़ौली गांव में उत्कर्ष चौधरी के स्वागत समारोह में उमड़ी भारी भीड़, शक्ति प्रदर्शन को लेकर तेज हुई राजनीतिक चर्चाएं।


पलवल विधानसभा क्षेत्र में भले ही फिलहाल कोई चुनावी माहौल न हो, लेकिन राजनीतिक गतिविधियां लगातार चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इसी कड़ी में बैंसलात की राजधानी कहे जाने वाले गांव बड़ौली में आयोजित भाजपा नेता एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के भतीजे उत्कर्ष चौधरी के स्वागत समारोह ने जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी और सैकड़ों वाहनों के लंबे काफिले ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बिना किसी चुनावी घोषणा या पद के इतना बड़ा जनसमर्थन जुटना स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पिछले कुछ समय से पलवल विधानसभा क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन का सिलसिला लगातार देखने को मिल रहा है। विशेष बात यह है कि यह शक्ति प्रदर्शन भाजपा के भीतर विभिन्न नेताओं की सक्रियता के रूप में सामने आ रहा है।


इससे पहले पलवल की ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित उत्कर्ष चौधरी के जन्मदिन मिलन समारोह में भी हजारों लोगों की भीड़ जुटी थी, जिसे उनके बढ़ते जनाधार के रूप में देखा गया। इसके बाद खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम द्वारा 2024 विधानसभा चुनाव में एएसपी-जेजेपी गठबंधन के उम्मीदवार रहे डॉ. हरित बैंसला को भाजपा में शामिल कराए जाने को भी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा गया।


अब बड़ौली में आयोजित स्वागत समारोह ने एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र में उत्कर्ष चौधरी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।


हालांकि जब उत्कर्ष चौधरी से भाजपा के भीतर कथित गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और पार्टी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है।


उत्कर्ष चौधरी ने कहा कि उन्हें जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पलवल उनकी कर्मभूमि रहा है और जनता के बीच रहकर सेवा करना उनकी प्राथमिकता है।


उन्होंने कहा, "जनता का स्नेह मुझे और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करते रहें।"


बड़ौली का यह आयोजन अब केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि पलवल की बदलती राजनीतिक तस्वीर और भविष्य के समीकरणों के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top