पलवल पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 10.47 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मोटरसाइकिल भी बरामद।
जिला पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में चलाए जा रहे "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत पलवल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 10.47 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीला पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी उप निरीक्षक हरीश खान ने जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई सिराजुद्दीन के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव कलसाडा निवासी प्रवीन मोटरसाइकिल पर उटावड की तरफ से हेरोइन की खेप लेकर सप्लाई करने के लिए आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाईपास रोड हथीन पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने का प्रयास करने लगा। जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसलने से वह सड़क पर गिर गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी डीईटीसी (एक्साइज) पलवल श्री विकास कुमार की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.47 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना हथीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हेरोइन कहां से लेकर आया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करने वाला था। इसके लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।