स्वतंत्रता दिवस से पहले पलवल हाई अलर्ट पर, 15 नाके, वाटर कैनन और दंगा रोधी दस्तों के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पलवल पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में 3 अंतरराज्यीय नाकों सहित कुल 15 नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को दंगा निरोधक उपकरणों से लैस किया गया है।
15 अगस्त को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा सरकार के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा होडल और हथीन में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार समारोह स्थल पर वाटर कैनन, वज्र वाहन, दंगा निरोधक दस्ता और अश्रु गैस टीम तैनात रहेगी। स्टेडियम के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया है तथा आमजन के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी डीएसपी, थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। जिले के होटल, धर्मशाला, पीजी और ढाबों की लगातार जांच की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों को सतर्क करते हुए किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के तहत 14 अगस्त दोपहर 3 बजे से 15 अगस्त दोपहर 2 बजे तक जिला नूंह और उत्तर प्रदेश के मथुरा क्षेत्र से पलवल की ओर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस का पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।