पलवल में पुरानी रंजिश का खूनी अंत, जवाहर नगर में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

0

पलवल के जवाहर नगर में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या। मुख्य आरोपी अवैध कट्टे के साथ थाने पहुंचा, पुलिस रिमांड पर।


पलवल के जवाहर नगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद मुख्य आरोपी ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ थाना कैंप पलवल पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना कैंप पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। थाना कैंप प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को आरोपी दुष्यंत उर्फ देवा पुत्र विशाल निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, थाना कैंप पलवल एक लोडेड देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस लेकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी माता की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने की नीयत से उसने जवाहर नगर निवासी सुरेश की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुरेश को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून से सने पत्थर, ईंट और खाली कारतूस के खोल सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लिए।


मृतक की पत्नी सुबिना द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि उसका पति सुरेश घर के बाहर नाले के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते दुष्यंत उर्फ देवा अपने साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा और कहासुनी के बाद हमला कर दिया। आरोप है कि दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर गोली और चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।


पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत और आरोपी से बरामद अवैध हथियार के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


जांच अधिकारी पीएसआई सुमित मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान हत्या में शामिल अन्य आरोपियों, हथियारों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि हत्या जैसी गंभीर वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top