आईटीआई पलवल में लगे शिक्षुता एवं रोजगार मेले में 54 छात्र हुए शॉर्टलिस्ट, 2 को मौके पर मिला रोजगार

0

आईटीआई पलवल में रोजगार मेले के दौरान 82 छात्रों ने भाग लिया। 54 छात्र शॉर्टलिस्ट हुए जबकि 2 युवाओं को मौके पर ही नौकरी मिली।


कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं शिक्षुता (Apprenticeship) के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पलवल में मंगलवार को शिक्षुता एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों ने भाग लेकर आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं का चयन किया।


रोजगार मेले में पृथला और फरीदाबाद औद्योगिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें हैटिक पोद्दार वुड वर्किंग इंस्टीट्यूट, प्रणव विकास प्राइवेट लिमिटेड, शिवानी लॉक्स प्राइवेट लिमिटेड, ऑटो बेन ट्रैकिंग लिमिटेड, पूजा फोर्ज प्राइवेट लिमिटेड, डी डेवलपमेंट लिमिटेड, साधु ऑटो पार्ट्स और ओम ट्रैक्टर्स सहित अन्य उद्योग शामिल रहे।


मेले में कुल 82 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 54 छात्रों को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित उद्योगों में रिपोर्ट करने का समय और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वहीं 2 छात्रों को मौके पर ही रोजगार प्रदान किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह देखने को मिला।


कंपनियों द्वारा चयनित छात्रों में हैटिक पोद्दार वुड वर्किंग इंस्टीट्यूट ने 7, प्रणव विकास प्राइवेट लिमिटेड ने 7, शिवानी लॉक्स प्राइवेट लिमिटेड ने 13, ऑटो बेन ट्रैकिंग लिमिटेड ने 5, पूजा फोर्ज प्राइवेट लिमिटेड ने 6, डी डेवलपमेंट लिमिटेड ने 8, साधु ऑटो पार्ट्स ने 6 तथा ओम ट्रैक्टर्स ने 2 छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया।


आईटीआई प्रशासन ने बताया कि सरकार एवं विभाग के निर्देशानुसार ऐसे रोजगार और शिक्षुता मेलों का आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक आईटीआई पास छात्र-छात्राओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। संस्थान का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top