नूंह पुलिस ने 3.15 करोड़ रुपये की 1.597 किलो हेरोइन बरामद कर आरोपी वाजिद उर्फ काला को गिरफ्तार किया, नेटवर्क की जांच जारी।
हरियाणा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए तावडू की टीम ने नलहड़ रोड स्थित अमरनाथ कॉलोनी के पास एक स्विफ्ट कार से 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में कोटला निवासी वाजिद उर्फ काला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सीआईए तावडू की टीम ने पीएसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नलहड़ रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में हेरोइन सप्लाई करने वाले कुछ लोगों की पहचान हुई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन जिलों या राज्यों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वाहन चोरी के मामलों में भी शामिल रहा आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वाजिद उर्फ काला पिछले कुछ वर्षों में चार वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। जिस स्विफ्ट कार से हेरोइन बरामद हुई है, वह भी चोरी की बताई जा रही है।
हालांकि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले नशा तस्करी का कोई मामला दर्ज नहीं मिला है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और उसके सहयोगियों की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।
नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी
नूंह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा बेचने वालों के साथ-साथ उन्हें शरण देने या आर्थिक मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांवों में पुराने भवनों, जोहड़ों और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही है, जहां युवाओं के एकत्र होकर नशे की गतिविधियों में शामिल होने की आशंका रहती है।
पुलिस का कहना है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।