नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आए भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। नेपाल सरकार के अनुसार बाढ़ से अब तक 362 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1500 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन कई क्षेत्रों में संपर्क टूटने के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार भोटेकोशी नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव में कई वाहन बह गए और अनेक घरों तथा बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक बाढ़ के कारण 35 बड़े पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।
बाढ़ का असर नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र पर भी पड़ा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार 13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे बिजली उत्पादन पर भी असर पड़ा है।
नेपाल सेना और आपदा प्रबंधन एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अब तक 250 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार लापता लोगों में कुछ भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
यूपी और बिहार में बढ़ी चिंता
नेपाल में आई बाढ़ के बाद भारत के सीमावर्ती राज्यों उत्तर प्रदेश और बिहार में भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। गंडक, नारायणी और कोसी नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, कुशीनगर सहित कई सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बिहार सरकार ने भी सीमावर्ती और नदी किनारे बसे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
केंद्र सरकार की नजर
नेपाल की स्थिति पर भारत सरकार भी लगातार नजर बनाए हुए है। गृह मंत्रालय सहित कई केंद्रीय मंत्रालयों द्वारा हालात की मॉनिटरिंग की जा रही है। बिहार के 6 जिलों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से पहले तैयारी की जा सके।
पीएम मोदी ने जताई संवेदना.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से फोन पर बात कर बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस कठिन समय में भारत नेपाल के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
नेपाल में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।