राष्ट्रीय खेल दिवस पर फरीदाबाद में खेल मंत्री गौरव गौतम ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी और युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश दिया।
हॉकी के जादूगर और भारतीय खेल जगत के महानायक मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस मनाते हुए मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर खेल मंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके अनुशासन, समर्पण और खेल कौशल ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया।
गौरव गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर खेल मैदानों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती ने देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं और प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
खेल मंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हॉकी खिलाड़ियों ने भी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की और खेल मंत्री के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। खिलाड़ियों ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन आज भी हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अपने संबोधन के अंत में गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे और तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऊंचा लहराता रहेगा।






नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।