जांगिड़ ब्राह्मण सभा की बैठक में शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान पर जोर

0

पलवल में जांगिड़ ब्राह्मण सभा की बैठक में शिक्षा, कौशल विकास, सामूहिक विवाह, विश्वकर्मा योजना और सामाजिक एकता पर जोर दिया गया।


जांगिड़ ब्राह्मण सभा पलवल की जिला स्तरीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शहर स्थित जांगिड़ ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में सभा के प्रदेशाध्यक्ष हनुमान प्रसाद जांगिड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में समाज के उत्थान, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक एकता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष हनुमान प्रसाद जांगिड़ ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को कम से कम 12वीं तक की शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी और कौशल आधारित शिक्षा दिलाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति और सशक्तिकरण का सबसे मजबूत माध्यम है।


उन्होंने समाज के सभी कारीगरों से कम से कम 5 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा करवाने का आह्वान किया ताकि किसी भी आपात स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। साथ ही उन्होंने पात्र परिवारों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ उठाने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया।


प्रदेशाध्यक्ष ने सुझाव दिया कि विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय शिल्प मेले का आयोजन किया जाए, जिससे समाज के कारीगरों को अपनी कला, हस्तशिल्प और उत्पादों के प्रदर्शन का मंच मिले तथा उन्हें रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर प्राप्त हो सकें।


उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों के विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलनों में कराने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे बिना दहेज और कम खर्च में विवाह संपन्न होंगे तथा सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।


जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार जांगिड़ ने बताया कि बैठक में आगामी 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी के अवसर पर फरीदाबाद में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर पलवल जिला कार्यकारिणी की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।


बैठक में समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।


इस अवसर पर फरीदाबाद जिलाध्यक्ष चरणपाल जांगिड़, महासचिव राजेंद्र जांगिड़, मोहनराम, सुनील कुमार, ओमप्रकाश, जिला सचिव प्रेमदत्त जांगिड़, जितेंद्र जांगिड़, वाइस चेयरमैन मनोज बंधु, पूर्व प्रधान ज्ञानचंद, पूरणमल, पूर्णचंद, समाजसेवी गजराज जांगिड़, देवेंद्र, देवदत्त, भूदेव, राजकुमार, रामवीर, वेदपाल सहित समाज के अनेक गणमान्य और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

बैठक का समापन समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक विकास के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top