पलवल, उमंग वालिया।
पलवल पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन उर्फ पिस्तौल निवासी देवनगर, हाल निवासी भगतजी कॉलोनी, पलवल के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अम्बेडकर कॉलेज के पास से आरोपी लक्ष्मण उर्फ ललतू को एक अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना शहर पलवल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गहन जांच और आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त में शामिल सह-आरोपी जतिन उर्फ पिस्तौल का नाम सामने आया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।