2 साल तक जापानी भाषा सिखाने वाली मीवा सासाकी को SVSU में भावुक विदाई

0

SVSU में जापानी शिक्षिका मीवा सासाकी को दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर भावुक विदाई दी गई। विद्यार्थियों ने जापानी भाषा में सम्मान जताया।

न्यूज डेस्क/ पलवल।

जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (JICA) की ओर से श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (SVSU) में जापानी भाषा पढ़ाने आईं शिक्षिका मीवा सासाकी को उनके दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर सम्मानपूर्ण और भावुक विदाई दी गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब विद्यार्थियों ने अपनी शिक्षिका को जापानी भाषा में धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने मीवा सासाकी के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा जापानी भाषा में दिए गए संदेशों और भावनाओं को सुनकर मीवा सासाकी भी भावुक नजर आईं।

विदाई समारोह में भारतीय संस्कृति के प्रति अपने सम्मान को दर्शाते हुए मीवा सासाकी भारतीय परिधान साड़ी में नजर आईं। उन्होंने कहा कि SVSU में शिक्षक के रूप में बिताए गए दो वर्ष उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में शामिल रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मिले प्रेम और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत और यहां के लोगों से उन्हें विशेष आत्मीयता मिली है।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि मीवा सासाकी ने विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को जापानी भाषा सिखाई। उनके प्रयासों का परिणाम है कि विश्वविद्यालय के अनेक विद्यार्थी जापानी भाषा में दक्ष हुए हैं। उन्होंने JICA का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जापानी शिक्षकों के सहयोग की उम्मीद जताई।

कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने कहा कि विश्वविद्यालय जापानी उद्योगों और संस्थानों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस दिशा में मीवा सासाकी के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ, अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह, डीन प्रोफेसर आशीष श्रीवास्तव, डीन प्रोफेसर सुनील गर्ग, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार सहित कई शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Post a Comment

0 Comments

नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।

Post a Comment (0)
To Top