•) योग हमारे देश की प्राचीन धरोहर : कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा
•) पहला सुख निरोगी काया-स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक जन हर रोज करें योग
• NTV MEDIA BURO
• WRITTEN BY : UMANG
योग हमारे देश की प्राचीन धरोहर है, जिसे ऋषि मुनियों ने अपनाया और आगे बढाया। स्वस्थ रहने के लिए मनुष्य को चाहिए कि वह योग को अपने जीवन में जरूर अपनाएं। योग को अपने जीवन की दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत के साथ-साथ विश्व ने योग को अपनाया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा बुधवार को 9 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित जिलास्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपना उद्बोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ख्याति बिखेरने तथा पूरे विश्व को योग से लाभान्वित करने की शुरूआत करवाई। तब से प्रति वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिलास्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस अवसर पर उनके साथ विधायक दीपक मंगला भी मौजूद रहे। योग दिवस कार्यक्रम में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संदेश के लाइव प्रसारण को देखा व सुना।
कैबिनेट मंत्री ने जिलावासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पहला सुख निरोगी काया। अगर तन स्वस्थ्य रहेगा तभी मन भी स्वस्थ्य रहेगा और अगर तन ही स्वस्थ नहीं है तो धन व्यर्थ है। सबसे पहला सुख रोग मुक्त शरीर को माना गया है और रोग मुक्त शरीर में ही स्वस्थ्य मस्तिष्क का निवास होता है। इसलिए सभी जन प्रतिदिन योग करके अपने जीवन को सुखमय बनाएं। योग से जीवन में बहुत लाभ मिलता है। जो लोग प्रतिदिन योग करते है, वे हमेशा स्वस्थ्य रहते हैं और उनका पूरा दिन कार्य करने में मन लगता है। उन्होंने सभी जन को स्वस्थ रहने के लिए रोजाना योग करने का आह्वान किया।
विधायक दीपक मंगला ने जिलास्तरीय योग कार्यक्रम में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का स्वागत व्यक्त करते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है। योग करने से जटिल से जटिल व्याधियों को दूर किया जा सकता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के महत्व को समझकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने का प्रस्ताव पास करवाया। पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वर्ष 2015 में मनाया गया। योग से शरीर स्वस्थ होने के साथ-साथ मानसिक तनाव भी दूर होता है। मन को शांति मिलती है। हम सभी को प्रतिदिन योग करना चाहिए। आज के व्यस्त जीवन में बीमारियां अधिक बढ रहीं है। इन बीमारियों से दूर रहने के लिए योग करना अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। आज देश व प्रदेश के साथ-साथ पूरे विश्व ने योग को अपनाया है।
योग कार्यक्रम में योगाचार्य डा. रामजीत ने सैंकडों की संख्या में मौजूद जनमानस को विभिन्न योग करवाते हुए क्रमवार उनके लाभ भी बताएं। उन्होंने शिथिलीकरण के अभ्यास ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, घुटना संचालन करवाए। इसके साथ खडे होकर किए जाने वाले आसनों में क्रमश: ताडासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन और बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन का अभ्यास करवाया। वहीं उन्होंने पेट के बाल लेटकर किए जाने वाले आसन मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों में सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अद्र्ध हलासन, पवनमुक्तासन, शवासन और बैठकर करने वाले प्राणायाम में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम, भ्रामरी प्राणायाम, ध्यान का अभ्यास करवाया। योगाचार्य डा. रामजीत ने सभी को संकल्प-पाठ तथा शांति-पाठ भी करवाया। इस अवसर पर ब्रह्मïकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बहनजी ने उपस्थिति को ध्यान (मेडिटेशन) करवाया। जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह व एडीसी डा. आनंद शर्मा ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका धन्यवाद आभार व्यक्त किया। आयुष विभाग द्वारा जिला रैडक्रॉस की सहायता से योग प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट दी गई।
जिलास्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक दीपक मंगला, जेजेपी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सौरोत, वीरपाल दीक्षित, पवन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंगला, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, एडीसी डा. आनंद शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, एसडीएम शशि वसुंधरा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीटीएम द्विजा, जीएम रोडवेज नवनीत, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, जिला खेल अधिकारी अनिल सैनी, जिला आयुष अधिकारी डा. अजीत यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी डी.पी. कुलश्रेष्ठ, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, उपसिविल सर्जन डा. रामेश्वरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी और महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने योग किया।





नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।