सडक़ मार्ग रेलवे लाइन के साथ लगते वार्ड नंबर-14,15 व 16 के निवासियों के लिए बाईपास का करेगा कार्य
• NTV MEDIA DESK
• WRITTEN BY: UMANG
विधायक दीपक मंगला ने सोमवार को वार्ड नंबर-14 की न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी में लगभग 4 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक़ के निर्माण कार्य का नारियल फोडकर विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उनके साथ नगर परिषद पलवल के चेयरमेन यशपाल भी मौजूद रहे।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यह सडक़ मार्ग रेलवे लाइन के समीप बसी सल्लागढ़, आदर्श कॉलोनी, न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, राजपूत मोहल्ला से होते हुए ओमेक्स तक एक बाईपास का कार्य करेगी। यह सडक़ मार्ग किठवाड़ी पुल के नीचे से सीधा ओमेक्स तक चला जाता है, जिसके कुछ हिस्से का निर्माण पहले हो चुका है और अब न्यू एक्सटेंसन कॉलोनी से लेकर हाईवे तक इसको जोड़ दिया जाएगा, जो आगे ओमेक्स जाने वाली रजवाहे वाली सडक़ से मिल जाएगा। लगभग 4 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सडक़ मार्ग की लंबाई 1 किलोमीटर 800 मीटर तथा चौडाई 6 मीटर है। नगर परिषद की ओर से इस मार्ग को अगले 6 महीने में बनाकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस सडक़ मार्ग के एक ओर गंदे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण भी करवाया जाएगा। रेलवे लाइन से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक भंगूरी रजवाहे के साथ-साथ इस सडक़ मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यह यहां बसी कई कॉलोनियों के लोगों की पुरानी मांग थी, जिसे सरकार ने मंजूर करके कॉलोनी निवासियों को दिपावली के तोहफे के रूप में दिया है। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। पलवल विधानसभा क्षेत्र का विकास करवाने में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सभी विकास कार्यों के पूरे होने पर पलवल विधानसभा का स्वरूप बदला हुआ दिखाई देगा। शिलान्यास कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने विधायक दीपक मंगला के साथ-साथ नगर परिषद के चेयरमैन यशपाल सहित सभी अतिथियों को फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
![]() |
| विज्ञापन |
इस अवसर पर पलवल निगरानी समिति के पूर्व चेयरमेन मुकेश सिंगला, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हरेंद्र तेवतिया, पलवल मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला, पार्षद देवेंद्र तंवर, जितेंद्र जाखड़, जितेंद्र तेवतिया, तेजपाल तेवतिया, रविंद्र खेडी, यशपाल कमरावली, विवेक नंबरदार, गुरवाडी के पूर्व सरपंच जगत सिंह, प्रवीण ग्रोवर, नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता जीतराम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




नेशनल टीवी मीडिया पर कमेंट करने वालों का धन्यवाद, हम कोशिश करेंगे की आपकी द्वारा किए गए कमेंट पर ध्यान दे और यदि आपको खबर से संबंधित कोई समस्या है तो उसका भी समाधान करे।